जमशेदपुरः जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत बारिगोड़ा में इंटर के तीन छात्रों को चाकू मारने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि तीन आरोपी सुमित, बॉबी और दीपक अब भी फरार है। गिरफ्तार तीन आरोपियों में एक आरोपी बारिगोड़ा निवासी रघुवीर पाठक के घर से छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्तौल और एक गोली बरामद किया है। रघुवीर पाठक समेत गिरफ्तार दो आरोपी सूरज मिश्रा और अनिल श्रीवास्तव को पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया। SSP डॉ. एम तमिल वाणन ने मामले का खुलासा किया।
गिरफ्तार रघुवीर पाठक साकची में जेलर को गोली मारने का आरोपी संतोष पाठक का भाई है। SSP ने बताया रघुवीर पाठक के पास पिस्तौल कहां से आई। इसकी जांच चल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अपने पास पिस्तौल क्यों रखा था। उन्होंने बताया चाकूबाजी करने के बाद सभी आरोपी भाग रहे थे। पुलिस ने 3 आरोपियों को खदेड़ कर पकड़ लिया। जबकि 3 मौके से भाग निकले। जांच के क्रम में रघुवीर पाठक के घर से एक पिस्तौल और एक जिंदा गोली मिली। आरोपी के पास से वैध कागजात की मांग की गई लेकिन वह कागज नहीं दिखा पाया।
बुधवार की देर रात शराब पीने का विरोध करने पर 6 युवकों ने इंटर के तीन छात्रों पर चाकूबाजी की थी। इसमें भुवन कुमार, अभिषेक कुमार और अनिमेष कुमार गंभीर रूप से घायल हुए थे। तीनों के पेट में चाकू लगी थी। आरोपियों ने तीनों पर पत्थरबाजी भी की थी। तीनों छात्रों का TMH में इलाज चल रहा है।

