पंकज सिन्हा,
लातेहार: सदर थाना क्षेत्र के निंदिर गांव के कुदाग टोला से बुधवार की रात पुलिस ने तीन अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. लातेहार थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधिक गिरोह के कुछ लोग किसी अप्रिय घटना को कारित करने के लिए कुदाग गांव में एकत्रित हुए हैं. इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश में छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस को सूचना मिलते ही छापेमारी दल के द्वारा कार्रवाई करते हुए रात में ही तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. जिसमें कुदाग गांव निवासी, दिलीप सिंह उर्फ आलू पिता नकुल सिंह, कुलदीप सिंह उर्फ बबलू सिंह पिता स्व. बंधु सिंह व मनिका थाना क्षेत्र के कुई गांव निवासी चंद्रदेव सिंह उर्फ छोटू सिंह पिता लखन सिंह का नाम शामिल है.
इनके पास से पुलिस ने लोडेड 9 एमएम के पिस्टल एक, लोडेड देशी कट्टा एक, 9 गोली, मोबाइल फोन 8 पीस, केमोफ्लाइज ड्रेस एक व आसमानी रंग का वर्दी दो पीस बरामद किया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ाये गए दिलीप सिंह उर्फ आलू प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी का दस्ता सदस्य रहा है. कुलदीप सिंह उर्फ बबलू प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन माओवादी के बलराम के दस्ता में कार्य कर चुका है.
वहीं चंद्रदेव सिंह उर्फ छोटू सिंह पूर्व में उग्रवाद संस्थान आजादे हिंद फौज का सदस्य रहा है. तीनों ने स्वीकार किया कि कि तीनों एक नया गिरोह डब्लू के नाम पर शुरू किए हैं और बरवाडीह से टोरी रेल लाइन के कार्य कर रहे ठेकेदारों सहित अन्य व्यवसायियों से रंगदारी की मांग करते है.
इनके विरूद्ध थाना में मामला दर्ज किया गया है. इस छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, पुअनी सरज कुमार, रंजीत राम, नीतीश कुमार रंजीत कुमार यादव, अफजाल अंसारी, तकनीकी शाखा लातेहार अंजन कुमार राय, राजू राम, शंकर दयाल सिंह शामिल थे.

