लातेहार: लातेहार के उपायुक्त जिशान कमर ने मंगलवार को प्रेसवार्ता की एवं जिले में तीन नये कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि की. साथ ही उन्होंने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है, जो तीन नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलें है. उन्हें लातेहार पहुंचते ही प्रशासन के द्वारा क्वांरटाइन कर लिया गया था, जिससे फैलाव का डर थोड़ा सा भी नहीं है.
कमर ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि कोरोना पॉजिटिव रिर्पोट आने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई एवं मरीजों को राजहरा स्थित आइसोलेशन वार्ड में रखा गया एवं चिकित्सीय उपचार आरंभ कर दिया गया है.
उन्होंने बताया कि पॉजिटिव मरीज जालंधर एवं तेलगांना से आए हुए थे. उपायुक्त कमर ने जिलेवासियों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जो नियम बनाए गए है उसका पालन करें, अति आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकले एवं घर से बाहर निकलने पर निश्चित रूप से मास्क या कपड़े से चेहरे को अच्छी तरह से ढंक ले एवं सोशल डिस्टेसिंग का अनुपालन करें.
उन्होंने कहा कि आप बचाव के उपायों का पालन कर खुद सुरक्षित रहे एवं अपने परिवार एवं समाज को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायें ताकि आने वाले समय में जिला कोरोना मुक्त हो सके.

