मुंबई: कोरोना वायरस के संकट काल में हर कोई अपनी सामर्थ्य के अनुसार लोगों की मदद कर रहा है. मुंबई में रहने वाला एक 3 साल का बच्चा तब सोशल मीडिया पर छा गया जब उसने अपने आप कमाए हुए पैसे मुंबई पुलिस को दान किए.
बता दें कि मंगलवार को 3 साल के बच्चे कबीर ने मुंबई पुलिस के मुख्यालय पहुंचकर 50,000 रुपये का चेक दान किया. कबीर ने ये रुपये खुद कप केक बेच कर कमाए हैं. इसके बाद मुंबई पुलिस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से कबीर की एक वीडियो ट्वीट की. जिसमें कबीर के इस प्रयास को सराहा.
कबीर अपने माता-पिता करिश्मा और केशव के साथ मंगलवार को मुंबई पुलिस के मुख्यालय पहुंचे थे. फिर कबीर ने मुंबई के पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह को 50 हजार रुपये का चेक सौंप दिया.
गौरतलब है कि मुंबई पुलिस द्वारा किए गए इस ट्वीट को 1000 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है और बहुत सारे लोगों ने कमेंट्स भी किए.
कबीर कपकेक्स फॉर चैरिटी नाम के एक अकाउंट ने भी तीन साल के बच्चे की तस्वीर शेयर की है.

