वैशाली : जिले में गृहस्वामी को बंधक बनाकर भीषण डकैती किए जाने का मामला सामने आया है. देर रात वैशाली थाना के पवनी हसनपुर गांव में 12 की संख्या में नकाबपोश डकैतों ने गृहस्वामी को हथियार के बल पर बंधक बनाया. इसके बाद तकरीबन 30 लाख से अधिक मूल्य के कीमती जेवरात और सामानों की डकैती करके मौके से फरार हो गए. लूटपाट के दौरान अपराधियों ने घर के सभी सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया.
विरोध करने पर डकैतों ने गृहस्वामी और उनके परिवारवालों के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि जान से मारने की धमकी दी. जिसके चलते घरवाले काफी देर तक दहशत में रहे. अपराधियों के चले जाने के बाद गृहस्वामी ने इसकी सूचना वैशाली थाना को दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. लेकिन अभी तक अपराधियों का सुराग नहीं मिल सका है.

