रांची: ओरमांझी थाना क्षेत्र के सिलदीरी चकला निवासी महेश प्रसाद साहू के खाते से 33 हजार रुपए की चोरी साईबर अपराधियों ने कर ली और पैसे निकालने के बाद रफूचक्कर हो गए. जिसके बाद भुक्तभोगी ने ओरमांझी थाना व साइबर क्राइम कंट्रोल में लिखित सूचना दी है.
अधिकारियों ने अपराधियों को पकड़ने व महेश प्रसाद साहू को पैसा दिलाने का आश्वासन दिया है. महेश की अपने निजी मकान में राशन की दुकान है. उनका कहना है कि बड़ी ईमानदारी से कमाया गया यह पैसा चोरों ने सोची समझी साजिश के तहत चुराया है.
मालूम हो कि इन दिनों एटीएम से चोरी का मामला क्षेत्र में काफी देखने को मिल रहा है. जिससे लोग काफी परेशान हैं. साइबर अपराधियों द्वारा लोगों के खाते से पैसा चुरा लेना अब आम बात हो गयी है.
इन अपराधियों का सरगना कहां है. इस तक पुलिस नहीं पहुंच पा रही है जिसके कारण आए दिन इस तरह की घटना घट रही है.
क्या है पूरा मामला
महेश प्रसाद साहू ने अपनी पत्नी के नाम से अमेजन कंपनी से 522 रुपये की एक चुनरी मंगायी थी जिसके बाद महेश प्रसाद साहू की पत्नी को चुनरी पसंद नहीं आने पर कम्पनी को रिटर्न कर दिया. जिसके बाद महेश कंपनी से पैसे की मांग करने लगा तो कंपनी के नाम से महेश प्रसाद को एक फोन आता है कि अपना एटीएम नंबर व सीवी नंबर भेजो जिसके बाद महेश के खाते से 33 हजार रुपये की चोरी हो जाती है. जिससे वह आश्चर्यचकित हो जाता है. महेश प्रसाद साहू का एटीएम कार्ड नंबर 772 10700 13 88068 है. महेश प्रसाद के जिस मोबाइल पर मैसेज आया था उस मोबाइल का नंबर 800 290 6207 है.

