नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय में कोरोना वायरस ‘कोविड 19’ का पहला मामला सोमवार को सामने आने के बाद अदालत परिसर में तैनात 36 सुरक्षाकर्मियों को आज क्वारंटाइन कर दिया गया.
सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के एक कर्मचारी को कल कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद दो रजिस्ट्रारों को 30 अप्रैल तक क्वारंटाइन किया गया था.
शीर्ष अदालत के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि कोरोना पॉजिटिव रोगी के सम्पर्क में आये लोगों की जानकारी हासिल की गयी तो पता चला कि अदालत परिसर में तैनात 36 सुरक्षाकर्मी उस संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आये थे. इस जानकारी के बाद उन सुरक्षाकर्मियों को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया गया है.
शीर्ष अदालत में कोरोना का संक्रमण का पहला मामला कल सामने आया था. इसके बाद कल से ही दो रजिस्ट्रारों को क्वारंटाइन कर दिया गया था और संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा था.

