धनबाद:- आम जनों की शिकायतों का पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध तरीके से निवारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त उमा शंकर सिंह के निर्देश पर नेशनल इन्फोरमेटिक्स सेंटर (एनआईसी) धनबाद एवं डीएमएफटी के संयुक्त प्रयास से विकसित ई-समाधान पोर्टल आज से विधिवत रूप शुरू हो गया.
इस संबंध में उपायुक्त ने बताया कि प्रथम दिन समाहरणालय के जन शिकायत कोषांग से 14 सहित कुल 37 शिकायतें दर्ज की गई. अधिकतर जमीन, बिजली, पेंशन, विधि व्यवस्था इत्यादि से संबंधित शिकायतें दर्ज की गई.
उन्होंने बताया कि ई-समाधान पोर्टल पर ससमय शिकायतें का निवारण होगा. लोगों को होने वाली परेशानियां भी दूर होगी एवं आमजनों में प्रशासन के प्रति विश्वास की भावना बढ़ेगी.
उपायुक्त ने कहा कि शिकायत दर्ज होने से लेकर अनुपालन तक की प्रक्रिया की रियल टाइम ट्रैकिंग एवं सूचना संप्रेषण की सुविधा प्रदान की गई है. संबंधित विभागों के द्वारा इसका समयबद्ध अनुपालन किया जाएगा. ई-समाधान पारदर्शी, सशक्त एवं सुरक्षित शिकायत निवारण प्रणाली है.
