नई दिल्ली. 27 मार्च से शुरू हुए विधानसभा (5 States Assembly Election) चुनावों में आज तीसरे चरण के मतदान होने जा रहे हैं. पश्चिम बंगाल (West Bengal) और असम (Assam) के चुनाव में तीसरे चरण की वोटिंग की जाएगी. इसके अलावा तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भी मंगलवार वोटिंग होगी. इन तीन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेश में एक चरण में सभी सीटों पर मतदान की प्रक्रिया संपन्न करा ली जाएगी. वहीं असम में आज तीसरे और आखिरी चरण की वोटिंग होगी. इसके बाद सिर्फ पश्चिम बंगाल ही ऐसा राज्य है जहां पर आज के बाद पांच चरणों की वोटिंग और होगी. बंगाल में अभी 10, 17, 22, और 29 अप्रैल को भी वोटिंग की जाएगी. इन पांचों की राज्यों के नतीजे एक साथ 2 मई को जारी होंगे.सभी राज्यों में वोटिंग के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच मंगलवार को होने जा रहे मतदान के लिए चुनाव आयोग ने विशेष इंतजाम किए हैं. याद दिला दें कि 26 फरवरी को 5 राज्यों में चुनाव तारीख की घोषणा करते हुए आयोग ने कहा था कि कोरोना प्रोटोकॉल के पालन के लिए उसने बूथों की संख्या बढ़ा दी है.

