नई दिल्ली: राज्यसभा के लिए चुने गए 61 नए सांसदों में से 45 सांसदों ने बुधवार को राज्यसभा में अपने पद की शपथ ली. शपथ लेने वाले सांसदों में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस छोड़कर शिवसेना में शामिल हुईं प्रियंका चतुर्वेदी और कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल पहली बार राज्यसभा पहुंचे हैं. कोरोना वायरस महामारी के चलते शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया. यह पहली बार है, जब सदस्यों ने बिना किसी सत्र के राज्यसभा में सदस्य के तौर पर शपथ ली है.
राज्यसभा में बुधवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी सहित भारतीय जनता पार्टी के 19 सांसदो ने शपथ ली. वहीं, कांग्रेस से शपथ लेने वालों में छत्तीसगढ़ से केटीएस तुलसी, गुजरात से शक्ति सिंह गोहिल, हरियाणा से दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह, महाराष्ट्र से राजीव सातव और राजस्थान से नीरज डांगी व केसी वेणुगोपाल शामिल रहे.
इनके अलावा एनसीपी मुखिया शरद पवार और आरपीआई के अध्यक्ष रामदास अठावले ने भी राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली. गौरतलब है कि इससे पहले कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के चलते शपथ ग्रहण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था.

