रांची: कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के रोकथाम को लेकर रांची जिले में जारी लॉकडाउन के दौरान गरीब और असहायों को भोजन उपलब्ध होता रहे, इसका भी ख्याल रखा जा रहा है. मुख्यमंत्री दीदी किचन से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को भरपेट भोजन मिल रहा है.
उपायुक्त रांची राय महिमापत रे के निर्देशानुसार रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों के पंचायतों में चल रहे 542 मुख्यमंत्री दीदी किचन के माध्यम से गरीब, असहायों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
विभिन्न पंचायतों में संचालित 542 मुख्यमंत्री दीदी किचन से 23 अप्रैल 2020 से 46076 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया.
इन सभी केंद्रों पर भोजन वितरण के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन किया जा रहा है. संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी /अंचल अधिकारी द्वारा नियमित अंतराल पर इन केन्द्रों द्वारा भोजन वितरण का निरीक्षण भी कर रहे हैं.

