कोलकाता: चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी पर 24 घंटे तक के लिए प्रचार पर रोक लगाने के बाद बीजेपी नेता पर राहुल सिन्हा पर 48 घंटों के लिए रोक लगा दी है. चुनाव आयोग की ओर से लगाया गया यह बैन आज दोपहर 12 बजे से लागू हो गया है और 15 अप्रैल को 12 बजे दोपहर तक ही लागू रहेगा.
कूच बिहार के सितालकुची में केंद्रीय बलों की फायरिंग में 4 युवकों की मौत की घटना पर उन्होंने विवादित बयान दिया था. इस मामले को संज्ञान में लेते हुए ही चुनाव आयोग ने राहुल सिन्हा के खिलाफ यह एक्शन लिया है.
राहुल सिन्हा ने सितालकुची की घटना पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि वहां 4 नहीं बल्कि 8 की मौत होनी चाहिए थी. इस बीच ममता बनर्जी ने आयोग के बैन के खिलाफ धरना शुरू कर दिया है.
चुनाव आयोग ने अपने आदेश में एक टीवी चैनल पर प्रसारित राहुल सिन्हा के बयान का जिक्र किया है. आयोग ने कहा कि हमने राहुल सिन्हा के बयान का स्वत: संज्ञान लिया है और इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए उन पर 48 घंटे का बैन लगाया गया है.
आयोग ने कहा कि राहुल सिन्हा ने भड़काऊं बयान दिया है, जो सुरक्षा बलों को उकसाने वाला है और चुनवा प्रक्रिया में इसका बेहद विपरीत असर देखने को मिल सकता है. आयोग ने कहा कि हम राहुल सिन्हा और बीजेपी को हिदायत देते हैं कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन करें. इसके अलावा राहुल सिन्हा पर किसी भी माध्यम से चुनाव प्रचार करने पर 48 घंटे की रोक लगा दी गई है.

