चंडीगढ़(पंजाब): मंगलवार को पंजाब में कोरोना से 49 और मरीजों की मौत हो गई. इसके साथ ही राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 1178 हो गई है. बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में 1293 नए केस भी दर्ज किए गए हैं, जिससे संक्रमितों की कुल संख्या 44,577 पहुंच गई है. सूबे के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 14254 मरीजों में से 554 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है.
इनमें 499 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर जबकि 55 मरीज वेंटिलेटर पर हैं. मंगलवार को सामने आए 1293 मरीजों में से 85 मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट दी गई है. इस बीच 788 मरीजों के ठीक होने की अच्छी खबर भी आई है. अब तक राज्य में 29145 लोग कोरोना को हरा चुके हैं. पंजाब के उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, राजपुरा के कांग्रेस विधायक हरदयाल सिंह कंबोज और सन्नौर के अकाली विधायक हरिंदर पाल सिंह चंदूमाजरा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्वस्थ हुए 788 मरीजों में से लुधियाना के 187, जालंधर के 130, पटियाला के 118, मोहाली के 86, संगरुर के 73, फतेहगढ़ साहिब के 32, होशियारपुर के 24, गुरदासपुर व बरनाला के 23-23, मानसा के 19, कपूरथला व मुक्तसर के 15-15, पठानकोट के 13, मोगा के 11, तरनतारन के 9, अमृतसर के 6, फाजिल्का के 4 शामिल हैं. इसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वालों की संक्या 29145 हो गई है.
होशियारपुर: उद्योग मंत्री कोरोना पॉजिटिव
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री शाम सुंदर अरोड़ा पॉजिटिव मिले हैं. 62 साल के अरोड़ा ने फेसबुक अकाउंट पर अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी देते हुए एक पोस्ट की. मंत्री ने अपने संपर्क में लोगों को से कोरोना टेस्ट कराने की अपील की. वह चंडीगढ़ आवास पर खुद क्वारंटीन हैं. अरोड़ा शनिवार को होशियारपुर आए थे और कई लोगों से मिले थे. रविवार को वह चंडीगढ़ लौट आए थे. सोमवार की सुबह उन्हें हल्का बुखार था. 28 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा सत्र से पहले विधानसभा सदस्यों के कोविड-19 टेस्ट किए जाने की कड़ी में उनका मंगलवार सुबह परीक्षण किया गया था.

