जम्मू: जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए DDC चुनावों में लोगों का उत्साह और बदलते हालात को देखते हुए प्रशासन ने 4G मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर जारी प्रतिबंध को बढ़ाने का फैसला लिया है. जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने शुक्रवार को जारी एक आदेश में कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश में उधमपुर और गांदरबल जिलों को छोड़कर 4जी इंटरनेट सेवाओं पर जारी प्रतिबंध को 8 जनवरी, 2021 तक बढ़ा दिया गया है. इससे पहले 4G सेवाओं पर 25 दिसंबर तक के लिए प्रतिबंध लगाया गया था.
जम्मू-कश्मीर में फिलहाल ऊधमपुर और गांदरबल को छोड़कर अन्य सभी जिलों में 2जी इंटरनेट सर्विस ही दी जा रही है. ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि जिला विकास परिषद चुनावों (DDC) के बाद नए साल के उपहार के तौर पर सभी जिलों में 4G सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी, लेकिन शुक्रवार को हुई एक अहम बैठक में यह फैसला लिया गया कि अगले आदेश तक प्रदेश में 26 दिसंबर, 2020 से 8 जनवरी तक केवल 2G इंटरनेट सर्विस ही जारी रहेगी.

