मुंबई:- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में संघर्षरत मॉडल और स्ट्रगलिंग एक्टर के साथ अश्लील फिल्म बनाने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इन पर ये फिल्में सोशल मीडिया और वेबसाइट पर अपलोड करने के भी आरोप हैं.
अपराध शाखा के संपत्ति प्रकोष्ठ के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि शहर के मलाड-मालवानी इलाके के माढ स्थित एक बंगले पर छापेमारी कर दो मेल एक्टर, एक लाइट मैन, एक महिला फोटोग्राफर और एक ग्राफिक डिजाइनर को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब मोबाइल फोन से अश्लील फिल्म की शूटिंग की जा रही थी.
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला ने बताया कि वह अश्लील फिल्म की शूटिंग (Shooting porn movie) कर इंटरनेट और सोशल मीडिया पर अपलोड करती थी और लोगों को भुगतान के आधार पर इन तक पहुंच देती थी. उन्होंने बताया, ‘घटनास्थल से 6 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, कैमरा और संबंधित उपकरण, मेमोरी कार्ड आदि जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 5.68 लाख रुपए है. हमने आरोपियों के खाते में जमा 36.60 लाख रुपए भी जब्त कर लिए हैं.’
अधिकारी ने बताया, ‘आरोपियों के खिलाफ संपत्ति प्रकोष्ठ के एपीआई लक्ष्मीकांत सालुंके की शिकायत के आधार पर मालवानी पुलिस ने भारतीय दंड संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और स्त्री अशिष्ट रुपण प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.’ उन्होंने बताया कि आरोपियों को 10 फरवरी तक हिरासत में भेज दिया गया है.

