बिहार: बेगूसराय में कोरोना का खौफ सिर चढ़ कर बोल रहा है. बेगूसराय पुलिस महकमे में कोरोना अटैक के बाद अब कोरोना का कहर बैंककर्मियों पर टूटा है. बैंक ऑफ इंडिया के पांच कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गये हैं. इसके बाद बैंक को पूरी तरह सील कर दिया गया है.
जिले की बरौनी की बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच में पांच बैंककर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गये हैं जिसके बाद हड़कंप मचा हुआ है. बैंक को पूरी तरह सील कर दिया गया है. बैंक के बाहर पुलिस टीम की तैनाती कर दी गयी है. फुलवरिया थाना और मेडिकल टीम बैंक ग्राहकों की जांच में जुट गयी है.
इससे पहले गुरुवार को बेगूसराय जिले में पुलिस ऑफिस में कार्यरत 5 पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. दरअसल, बुधवार को पुलिस आफिस के एक डीएसपी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे.
डीएसपी के कोरोना से संक्रमित होने के बाद एसपी ऑफिस के 75 अधिकारियों कर्मचारियों का सैंपल जांच के लिए लिया गया था एसपी अवकाश कुमार के आदेश पर बुधवार से ही एसपी ऑफिस को 4 दिनों के लिए बंद कर दिया गया था.
बेगूसराय में फिलहाल कोरोना के 384 मामले सामने आए हैं . कोरोना से बेगूसराय में अब तक 4 मरीजों की मौत हो चुकी है. वहीं, 337 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं.
बता दें कि बिहार में जानलेवा कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है. इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है. हर दिन सैकड़ों की संख्या में मरीजों का इजाफा हो रहा है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ताजा अपडेट में 180 लोग कोरोना पॉजिटव मिले हैं. इसके साथ ही राज्य में आंकड़ा 8858 हो गया है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक 56 लोगों की मौत कोरोना वायरस के कारण हो गई है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज जारी ताजा आंकड़े के मुताबिक 180 लोग कोरोना पॉजिटव मिले हैं. इसके साथ ही राज्य में आंकड़ा 8858 हो गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अरवल, औरंगाबाद, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, गोपालगंज, जमुई, जमुई, जहानाबाद, कैमूर, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, नवादा, पटना, समस्तीपुर, सारण, सुपौल और पश्चिमी चंपारण से नए मामले सामने आये हैं.

