ट्रक, कार, बोलेरो और पिकअप वैन जब्त
धनबाद: झारखंड में धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र की पुलिस ने अंतरप्रांतीय वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
धनबाद के सिटी एसपी आर. रामकुमार ने बताया कि रविवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर झरिया, जोड़ापोखर और पुटकी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इन अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पुटकी रोड जामाडोबा के पास लूट और चोरी के ट्रक को रंग-रोगन कर खरीद-बिक्री करने के लिए अपराधियों के जमावड़ा होने की सूचना मिलने पर छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के क्रम में पुलिस को देख सभी अपराधी भागने लगे. लेकिन पुलिस ने पीछा कर पुटकी चौक के पास पांच को पकड़ लिया.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान चतरा के नाजिर अंसारी उर्फ मुख्तार अंसारी, मुस्तकीम अंसारी, मो. तौहिद अंसारी, जामाडोबा के नीतीश कुमार उर्फ छोटू और चासनाला के सरदार उर्फ करमजीत कुमार के रूप में की गयी है.
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए है. इनमें केंदुआडीह के राजकुमार शर्मा, स्टेशन रोड भागा के ललन उर्फ आकिब आलम, आमलाटांड़ के सुनील प्रसाद, जोड़ापोखर के डोमन राम शामिल हैं. पुलिस ने नौ आरोपितों पर मामला दर्ज किया है. पुलिस ने इन चोरों के पास से एक 14 चक्का ट्रक, एक कार, एक बोलेरो, एक पिकअप वैन, पांच मोबाइल, तीन बटुआ में लगभग 24 सौ रुपये, एटीएम कार्ड, पेन कार्ड, चांदी की चेन, घड़ी व आधार कार्ड बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व से कई थानों में मामले दर्ज हैं. सिटी एसपी ने बताया कि अन्य चार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी अभियान चला रही है. सभी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

