धनबाद: झारखंड के धनबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. कोरोना वायरस के संक्रमण ने यहां एक परिवार में तबाही मचा दी है. अब तक इस परिवार के 6 सदस्यों की मौत कोरोना से हो चुकी है. वहीं 7वें सदस्य की भी हालत नाजुक बनी हुई है. बताया जा रहा है कि कोरोना पीड़ित मां की अर्थी को कंधा देने वाले उसके बेटों में भी संक्रमण फैल गया. मां की मौत के बाद एक-एक कर अब तक 5 बेटों की मौत हो चुकी है. छठे बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है. आपको बता दें कि धनबाद में कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से अब तक 8 लोगों की मौत हुई है. इनमें से सिर्फ एक मरीज की मौत धनबाद में हुई, बाकी सभी की मौत झारखंड और बंगाल के अलग-अलग शहरों के अस्पतालों में इलाज के दौरान हुई.
जानकारी के मुताबिक बीते 15 दिनों के भीतर कोरोना वायरस से संक्रमित इस परिवार के छह सदस्यों की मौत हो चुकी है. बताया जा रहा है कि भारत में ये अपनी तरह का संभवत: पहला मामला है, जिसमें से कोरोना वायरस के संक्रमण से एक ही परिवार के 6 लोगों की जान चली गई.

