एक-एक राइफल, दोनाली बंदूक, पिस्टल और एयरगन बरामद
रांची:- झारखंड के गुमला जिले की पुलिस ने नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के पांच हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक-एक राइफल, दोनाली बंदूक, पिस्टल और एयरगन भी बरामद किया गया है.
जिले के पुलिस अधीक्षक एचपी जनार्दनन ने बताया कि बिशनपुर थाना क्षेत्र के हेलता गांव के आसपास 25 दिसंबर को कुछ नक्सलियों के सक्रिय रहने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर इन्हें पकड़ने की कोशिश की गयी, तो नक्सलियों ने पुलिस टीम पर बम फेंक कर भागने की कोशिश की. लेकिन जवानों ने खदेड़कर पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया,जबकि इनके कुछ साथी भागने में सफल रहे. पुलिस फरार नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी अभियान चला रही है.
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान प्रभात मुंडा, अमित उरांव, इंद्र कुमार गोप, दिलीप उरांव और राहुल उरांव के रूप में की गयी है. गिरफ्तार नक्सलियों के पास से हथियार के अलावा जीवित कारतूस, डेटोनेटर और अन्य सामान भी जब्त किये गये है. ये सभी नक्सली इलाके में छोटे व्यापारियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने की कोशिश में जुटे थे. बताया गया है कि 9 टीपीसी नक्सली हेलता गांव में जंगल पहाड़ किनारे सुरेश उरांव उर्फ अमित उरांव के घर खाना खाकर वहीं छिपे थे, लेकिन पुलिस ने अमित समेत पांच नक्सलियों को तो पकड़ लिया, लेकिन बम फेंके जाने के कारण मची अफरा-तफरी में चार नक्सली मौके का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे.

