बेंगलुरु: देश में गहराते कोरोना संकट के बीच कर्नाटक के एक जिले में लगभग 50 बंदर मृत मिले हैं, जिसके बाद प्रशासन में हलचल मच गई है. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि संभवत: उन्हें जहर दिया गया.
ऐसा किन कारणों से किया गया, इस बारे में फिलहाल कुछ साफ नहीं हो सका है. कोरोना संकट के बीच बंदरों की इस तरह रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत से लोगों में खौफ बैठ गया है.
यह मामला कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले का है. यहां बेलथांगडी तालुक में शुक्रवार को लगभग 50 बंदर मृत मिले. एक रिपोर्ट के अनुसार, बंदरों के शव बंदर गांव के कुंडालापालके-पदमुंजा रोड पर मिले. घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और बंदरों के बिसरा जांच के लिए ले जाए गए.
बंदरों की मौत किन कारणों से हुई, इसका पता लगाने के लिए बिसरा मंगलुरु के एक पशु अस्पताल में भेजे गए हैं. इस बीच ऐसी आशंका जताई जा रही है कि बंदरों को संभवत: जहर दिया गया.
हालांकि इसका साफ-साफ कारण फिलहाल नहीं सामने आया है, पर ऐसा कहा जा रहा है कि बंदरों को संभवत: फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने के कारण जहर दिया गया.

