रांची: झारखंड में मरीजों की संख्या इसी तरह बढ़ती रही तो 15 दिनों में ही यह आंकड़ा 5050 पार कर जाएगा. यह जानकारी स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में संवाददाताओं को दी.
झारखंड में मौजूदा कोरोना की डब्लिंग रेट 11.02 प्रतिशत है, वही रिकवरी रेट 51.33 फीसदी है. पूरे विश्व की बात करें तो रिकवरी रेट 53.6 प्रतिशत और भारत की 51.08 प्रतिशत है.
झारखंड में अभी मौजूदा कंटेनमेंट जोन 116 है. पहले इसकी संख्या 198 थी. मरीजों की संख्या घटने पर कंटेनमेंट जोन कम किया गया है.
डॉ कुलकर्णी ने बताया कि बाहर से आए लगभग 78,423 प्रवासी मजदूरों के सैंपल लिये गये थे, जिसका प्रतिशत 15.16 है.
उन्होंने बताया कि सांस लेने, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर और टीबी जैसे बीमारी वाले पेशेंट की भी सैंपल्स की जांच की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया 18 जून से प्रारंभ की जाएगी. उन्होंने बताया कि अभी झारखंड में हर दिन 3000 सैंपल्स की टेस्ट की कैपेसिटी है.

