रांची: 02 जून मंगलवार रात 10:45 बजे जमशेदपुर से 03 और नये कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की पहचान हुई है. जिससे आज जमशेदपुर में कुल संक्रमितों की संख्या 08 हो गयी. वहीं आज कुल 51 मामले सामने आये जिससे झारखंड में संक्रमितों की कुल संख्या 726 हो गयी है. सभी संक्रमित का ट्रेवल हिस्ट्री है. संक्रमितों में 1 मुसाबनी, 1 आजादनगर, 1 हुरलुंग के व्यक्ति शामिल हैं. कोरोना संक्रमण का पहचान होने पर तीनों संक्रमितों को टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है.
राज्य में आज कुल कोरोना के 51 नये संक्रमित हो गये. जिसके बाद झारखंड में संक्रमितों की कुल संख्या 726 हो गयी है. बता दें कि आज अकेले रामगढ़ से 20 मामले सामने आये हैं. आज रामगढ़ से 20, धनबाद से 09, रांची से 06, जमशेदपुर से 08, हजारीबाग से 04, गढ़वा से 01, सरायकेला से 01, बोकारो से 01 और पलामू से 01 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले. धनबाद से मिले 09 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से सात पुरूष व दो महिला है.
रांची के 6 में से 4 मरीज रिम्स के हैं. रिम्स में मिले 4 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में पहला रिम्स के डॉक्टर हैं, दूसरी कोविड वार्ड में ड्यूटी कर रही नर्स, तीसरा संक्रमित हड्डी रोग विभाग का एक मरीज है, और चौथा कोरोना पॉजिटिव ट्रामा सेंटर में भर्ती संदिग्ध है.
जमशेदपुर से मिले 5 मरीज में एक व्यक्ति मूल रूप से सीवान का रहने वाला है. चौका में दुर्घटनाग्रस्त होने पर 25-26 मई को टीएमएच लाया गया था. जांच के लिए उसका सैंपल लिया गया था, जिसका रिपोर्ट पॉजिटिव आया है. वहीं 2 बहरागोडा, 1 गुडाबांदा, 1 बिष्टुपुर के मरीज हैं. इनमें से 1 पॉजिटिव मरीज टाटा का कर्मचारी है. इन 5 संक्रमितों के साथ जमशेदपुर में कुल 119 कोरोना पॉजिटिव मामले हो गये हैं.
बता दें कि सोमवार को धनबाद से 14, जमशेदपुर से 10, कोडरमा से 04, हजारीबाग से 03, रांची से 02, गढ़वा से 02, सिमडेगा से 02, लोहरदगा से 02 और गुमला से 01 पॉजिटिव मरीज मिले.
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और सभी चीजों पर बारीकी से नजर बनाये हुए है. वहीं सरकार भी संक्रमण के खतरे को देखते हुए ज्यादा छूट नहीं दे रही है. अनलॉक-1 में कुछ राहत तो जरूर दी गई है, मगर उसमें नियम और शर्त भी लगाये गये हैं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके. सरकार ने अनलॉक-1 के लिए गाइडलाइन जारी की है, जिसमें हॉल, मॉल, जूता दुकान, कपड़ा दुकान, सैलून, स्पा आदि को कोई राहत नहीं दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 200 पहुंचने में डेढ़ महीने का समय लगा, लेकिन 200 से 700 का आंकड़ा पहुंचने में मात्र 17 दिनों का समय लगा और अब रांची का हिंदपीढ़ी ही नहीं, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गढ़वा, हजारीबाग और रामगढ़ जिला भी हॉटस्पॉट के रूप में बनकर सामने आया है.

