रांची: झारखंड के विभिन्न जिलों में शनिवार को 54 नये मरीज मिले है. इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़कर 1711 हो गयी है. इनमें से 816 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके है, जबकि 887 संक्रमितों का राज्य के विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
कोविड-19 संक्रमित मरीजों को लेकर शनिवार रात 9 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार आज 1799 सैंपल की जांच की गयी, जिसमें 54 पॉजिटिव और शेष 1745 रिपोर्ट निगेटिव आयी. राज्य में अब तक एक लाख तीन हजार पांच सैंपल की जांच हो चुकी है.
राज्य में आज सबसे अधिक 35 संक्रमित कोडरमा जिले में मिले. वहीं चतरा में तीन, पूर्वी सिंहभूम में 1, गिरिडीह में 2, रामगढ़ में 6, रांची में 1, सरायकेला में 3 और पश्चिमी सिंहभूम जिले में तीन कोरोना संक्रमित मरीज मिले.
131 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
राज्य में आज स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौटने वाले लोगों की भी रिकॉर्ड संख्या रही. सबसे अधिक रामगढ़ जिले के 38, सिमडेगा के 36 और धनबाद जिले के 29 संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट गये. इसके अलावा चतरा के 4, पूर्वी सिंहभूम जिले में 2, हजारीबाग में दो बच्चे समेत 14 लोग, कोडरमा में 6 और लातेहार के दो मरी स्वस्थ होकर घर लौट.
इधर, गिरिडीह जिले में कोरोना संक्रमित के स्वस्थ होने के बाद फिर से पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद तत्काल प्रशासन की ओर से उसे कोविड-अस्पताल में भर्ती कराया गया.

