रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा है कि देश की जीडीपी में एक तिहाई और निर्यात में 50 फीसदी से अधिक भूमिका अदा करने वाले सूक्ष्म, लघु और मध्यम श्रेणी के उद्यमियों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार को विशेष पैकेज उपलब्ध कराना चाहिए. उन्होंने कहा कि 6.3 करोड़ से अधिक सूक्ष्म-लघु एवं मध्यम उद्योगों से देश में 11 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है, लेकिन लॉकडाउन से प्रतिदिन इस क्षेत्र को करीब 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है.
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि देशव्यापी पूर्ण तालाबंदी के कारण सूक्ष्म, लघु एवं मध्य उद्योग की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गयी, जिसके कारण 11 करोड़ लोगों के समक्ष रोजगार का संकट उत्पन्न हो गयी है. ऐसी स्थिति में इन उद्योगों में लगे श्रमिकों के वेतन भुगतान के लिए सहायता देने के अलावा इस सेक्टर के लिए ऋण की भी व्यवस्था करनी चाहिए.
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि इन उद्योगों को सहायता देने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक के मौद्रिक नीतिगत उपायों को केंद्र सरकार का राजकोषीय समर्थन भी मिलना चाहिए, तभी उद्योगों को सही सहायता हो पाएगी, क्योंकि कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति से पूरी अर्थव्यवस्था चरमरा गयी है, ऐसे में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम के माध्यम से ही लोगों के रोजगार को बचाया जा सकता है और अर्थव्यवस्था को पुनः गति प्रदान की जा सकती है.

