उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में एक चौंकाने वाली वारदात और इसे लेकर पुलिस की निष्क्रियता सामने आई है. राज्य के चित्रकूट जिले में छह लोगों ने एक महिला के साथ गैंगरेप किया. इसका वीडियो बनाया और इसे वायरल कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया.
बता दें कि ये वारदात मऊ पुलिस थाने के तहत सोमवार को हुई. पुलिस का कहना है कि उन्होंने शुक्रवार को मामला दर्ज किया. मऊ के एसएचओ अरुण पाठक ने बताया कि महिला अपने एक परिजन के साथ रिश्तेदार के यहां जा रही थी. आरोपियों ने बीच रास्ते में ही महिला को रोक लिया. इसके बाद महिला को पेड़ से बांधकर उसके साथ गैंगरेप किया.
एसएचओ ने इसकी पुष्टि की, कि 14 सेकेंड की क्लीप 28 अक्टूबर को बनाई गई थी. उन्होंने कहा कि छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है.
महिला का आरोप-
महिला ने कहा कि वो शिकायत लेकर उसी थाने में गई थी. उसने वहां मौजूद अधिकारियों के सामने पूरी घटना की जानकारी दी थी. लेकिन उसे डपटकर भगा दिया गया था. क्लिप वायरल होने के बाद वो एसपी से मिली और इसके बाद मामला दर्ज किया गया.

