हजारीबागः उत्पाद विभाग ने हजारीबाग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेरू में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर लगभग 60 पेटी नकली शराब जब्त किया है। उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों की मानें तो यह नकली शराब एक घर की टंकी में छिपाकर रखा गया था। ग्राहकों को बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर का शराब बोल कर बेचा जाता था।
दरअसल उत्पाद विभाग होली के मद्देनजर लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में यह सफलता मिली है। बरामद शराब को एफएसएल जांच के लिए पटना भेजा जा रहा है। प्रथम दृष्टया शराब नकली बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत ढाई से तीन लाख रुपये आंकी जा रही है। होली के दौरान राज्यइ में बड़ी मात्रा में नकली शराब की खपत होती है। इससे लोग बीमार पड़ते हैं और अपनी जान भी गंवाते हैं।
झारखंड के लोहरदगा में एक दिन पूर्व 900 लीटर नकली शराब जब्त किया गया था। यहां नकली शराब बनाने के लिए पूरे बंदोबस्त किए गए थे। कैरो के लैम्पस भवन में गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर शराब जब्त किया था। इस दौरान एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। बरामद शराब की कीमत नौ लाख रुपये बताई गई।

