रांची: नामकुम औरमांझी, टाटीसिल्वे थाना पुलिस एवं उत्पाद विभाग ने संयुक्त छापामारी कर टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के आरा गेट स्थित वर्षों से बंद शराब फैक्ट्री से 6000 लीटर स्प्रिट बरामद किया है. पुलिस ने फैक्ट्री से 2 लोगों को गिरफ्तार किया है.
वहीं फरार मुख्य सप्लायर रविंद्र राम को पुलिस ने मोराबादी से गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर औरमांझी पुलिस ने रांची पटना मार्ग में वाहनों की जांच अभियान में एक सुमो को रोका और छानबीन की. सुमो में दो लोग सवार थे.
जांच के क्रम में सुमो की डिक्की से गैलन बरामद हुआ जिसमें स्प्रिट का बदबू आ रहा था. पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की सवार लोगों ने बताया कि वह लोग बोकारो से खेल गांव स्प्रिट लेने आए थे.
उन्होंने बतलाया कि स्प्रिट की सप्लाई रविंद्र राम नाम के युवक करता है. उन्होंने पुलिस को रविंद्र का मोबाइल नंबर दिया. पुलिस ने रविंद्र राम के नंबर का लोकेशन निकाला तो आरा गेट स्थित बंद फैक्ट्री का आया.
पुलिस की टीम फैक्ट्री पहुंची परंतु पुलिस के पहुंचने से पहले ही रविन्द्र फरार हो गया. पुलिस ने मौके से फैक्ट्री के चौकीदार मुकेश कुमार एवं एक अन्य सप्लायर कृष्णा प्रसाद साहू को गिरफ्तार किया.

