-
प्रवासी श्रमिकों के आने से ‘कोविड-19’ मरीजों की संख्या बढ़ी
रांची: झारखंड में स्वस्थ होने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन इस बीच रेड जोन से वापस आने वाले प्रवासी श्रमिकों के संक्रमित होने की पुष्टि से ‘कोविड-19’ मरीजों की संख्या भी राज्य में तेजी से बढ़ी है.
राज्य में अब तक करीब एक लाख लोगों के सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिसमें से 1599 संक्रमित मरीजों में से छह सौ तीस स्वस्थ होकर घर वापस लौट चुके है, जबकि 961 सक्रिय मरीजों का इलाज राज्य के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है.
पिछले 24 घंटे में भी विभिन्न जिलों के 38 लोग स्वस्थ होकर घर वापस लौट चुके है. इनमें हजारीबाग जिले के 13, गिरिडीह के 11, लातेहार के 6, लोहरदगा के 4, गढ़वा के 2 और पलामू जिले के एक संक्रमित शामिल है.
इधर, कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से 48 नये कोविड-19 मरीजों की पुष्टि हुई है.
इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1599 हो गयी है. इस दौरान सिमडेगा जिले से 20 कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई.
वहीं रांची से 9, पूर्वी सिंहभूम और लातेहार से पांच-पांच, कोडरमा से तीन, पश्चिमी सिंहभूम जिले से 2, लोहरदगा और बोकारो जिले से एक-एक नये कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान हुई.

