अंतरराज्यीय शराब तस्कर व चालक गाड़ी छोड़ पुलिस को चकमा दे भागने में रहे सफल
चतरा: चतरा की इटखोरी थाना पुलिस ने गुरुवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर पोस्ट आफिस के समीप से अवैध देशी शराब लदा जाइलो कार जब्त किया है. जब्त किये गए गाड़ी से 65 पेटी बुलेट कंपनी का देशी मशालेदार शराब बरामद किया गया है. हालांकि इस दौरान शराब तस्कर और चालक पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध देशी मसालेदार शराब लदा जाइलो कार में भारी मात्रा में शराब तस्करी के लिए इटखोरी के रास्ते चतरा से बिहार भेजा जा रहा है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरंजन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने सशस्त्र बल के जवानों के साथ पोस्ट आफिस के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया.
इसी दौरान मौके से जाइलो कार गुजरी. कार को देखते ही पुलिस ने उसका पीछा किया तो पकड़े जाने के डर से शराब तस्कर कार को छोड़कर फरार हो गए. जिसके बाद पुलिस ने उक्त कार की तलाशी ली तो कार से 65 पेटी शराब बरामद की. जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी समेत शराब की खेप को अपने कब्जे में ले लिया.

