रांची: राज्य सरकार कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कड़े कदम उठा रही है. इसके साथ ही सरकार इस ओर भी अपने सारे संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है कि पूरे राज्य में जारी लॉकडाउन की वजह से गरीब लोगों के सामने खाने की समस्या उत्पन्न न हो.
इस हेतु खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा लोगों तक विभिन्न योजनाओं के तहत राशन एवं खाना पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है. विभाग द्वारा प्राप्त आंकड़ो के अनुसार अब तक राज्य में सभी राशन कार्ड धारकों के बीच अप्रैल एवं मई माह का लगभग शत प्रतिशत अनाज वितरित किया गया है.
वहीं नन पीडीएस के तहत 3,51,536 लोगों तक अनाज उपलब्ध करा दिया गया है. विभाग द्वारा 1,92,891 लोगों तक अनाज भी पहुंचाने का कार्य किया गया है. इसके साथ ही विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत जरूरतमंदों तक पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
दाल भात के विभिन्न केंद्रों द्वारा रोजाना लाखों लोगों को पका हुआ भोजन खिलाया जा रहा है. वहीं मुख्यंमत्री दीदी किचन योजना के तहत 6,928 दीदी किचन कार्य कर रहे है पिछले 24 घंटे में इनके द्वारा 5,79,351 लोगों को पका हुआ भोजन कराया गया है.
इन सभी जगहों पर साफ-सफाई के साथ-साथ फिजिकल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन किया जा रहा है. इसके अलावा सरकार द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न राहत कैम्पों में 2,61,005 प्रवासी मजदूरों को खाना खिलाया जा रहा है.
एनजीओ एवं वॉलिंटियर्स के विभिन्न टीमों द्वारा राज्य में विभिन्न जगहों पर अबतक 42,14,016 लोगों को खाना खिलाया गया है. साथ ही 45,303 आकस्मिक राहत पैकेट का वितरण भी जरूरतमंदों के बीच किया गया है.
राज्य के बाहर फंसे सभी झारखंड वासियों की सहायता के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध
राज्य सरकार देश में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए जारी लॉकडाउन की वजह से झारखंड राज्य से बाहर फंसे सभी झारखंड वासियों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है. श्रम विभाग द्वारा जारी किए गए टॉल फ्री नम्बर्स पर अबतक 33,643 कॉल्स प्राप्त हुए हैं जिसमें राज्य के बाहर 9,59,264 लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई है.
इनमें 14,387 जगहों पर 6,45,683 प्रवासी मजदूरों के फंसे होने की जानकारी प्राप्त हुई है. अब तक सरकार द्वारा 13,854 जगहों पर फंसे 5,09,058 मजदूरों के खाने एवं रहने की व्यवस्था की गयी है. सभी लोगों के संबंध में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हरसंभव मदद पहुंचायी जा सके.
कोविड -19 सम्बन्धित 26,136 मामलों पर राज्य स्तरीय कोरोना नियंत्रण कक्ष द्वारा ही सहायता उपलब्ध करा दिया गया
राज्य स्तरीय कोरोना नियंत्रण केंद्र द्वारा राज्य में लोगों के कोरोना से सम्बन्धित हर तरह की समस्याओं का समाधान एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
कोरोना नियंत्रण केंद्र में कोविड -19 से संबंधित किसी भी तरह की सहायता हेतु टॉल फ्री नम्बर 181 पर सम्पर्क किया जा रहा है. राज्य स्तरीय कोरोना नियंत्रण केंद्र में अबतक 83,355 कॉल प्राप्त हुए, जिनमें 53,814 कोरोना सम्बन्धित मामले आये. इनमें से 26,136 मामलों पर राज्य स्तरीय कोरोना नियंत्रण कक्ष द्वारा ही सहायता उपलब्ध करा दिया गया.
वहीं 27,678 मामले , कार्रवाई हेतु संबंधित जिलों एवं विभागों को अग्रसारित कर दिया गया है. इनमें से अबतक 21,658 मामलों पर जिलों द्वारा सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है. शेष बचे मामलों पर कार्रवाई की जा रही है.
नियंत्रण केंद्र में खाद्य आपूर्ति से संबंधित 14,631, विधि व्यवस्था से संबंधित 1,225, चिकित्सा से संबंधित 1,364, झारखंड में फंसे व्यक्ति से संबंधित 1,641 एवं अन्य 2,797 शिकायतों का समाधान किया गया.

