रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण में 16 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आज शाम पांच बजे शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया.
इस चरण में संथाल परगना प्रमंडल की पांच विधानसभा सीटों के लिए दोपहर तीन बजे ही मतदान समाप्त हो गया. जिन पांच सीटों के लिए सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक वोट डाले गये, उनमें बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
जबकि ग्यारह विधानसभा सीटों – राजमहल, पाकुड़, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महागामा में शाम पांचे बजे तक वोट डाले गये.
इन 16 निर्वाचन क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक 70.83 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जा चुका है. इनमें सबसे अधिक नाला विधानसभा सीट के लिए अठहत्तर दशमलव शून्य एक प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया.
वहीं सबसे कम दुमका विधानसभा सीट के लिए मतदान हुआ, जहां सबसे कम 59.73 प्रतिशत मतदान हुआ.
इस समय तक राजमहल विधानसभा सीट के लिए 67.23 प्रतिशत, बोरियो में 71.58, बरहेट में 70.07, लिट्टीपाड़ा में 70.01, पाकुड़ में 76.01, शिकारीपाड़ा में 72.50, जामताड़ा में 74.77, जामा में 65.27, जरमुंडी में 71.53, सारठ में 75.97, पोड़ैयाहाट में 69.61, गोड्डा में 68.54 और महगामा विधानसभा सीट के लिए 67.23 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा वोट डाला गया.

