नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को दावा किया कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में हालात अब सामान्य हैं. पुलिस ने कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा को लेकर अब तक 200 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
पुलिस ने कहा कि अब तक 712 एफआईआर दर्ज हो चुकी है. पुलिस ने कहा उसे लोगों और मीडियाकर्मियों से बहुत से वीडियो मिले हैं. पुलिस ने कहा कि वीडियो की जांच जारी है.
दिल्ली पुलिस PRO एम. एस. रंधावा ने कहा, ‘हम सभी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं, लोगों को पहचानने के लिए फेस रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. काफी लोग अपने बयान दर्ज कराने के लिए आगे आए हैं. हमारे जो टेक्निकल सबूत हैं, उनके मध्यम से SIT और पुलिस काम कर रही है.’
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता ने कहा हर एफआईआर पर आगे जांच जारी है जिन्होंने भी कानून को अपने हाथ में लिया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जो भी निर्दोष हैं उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.’
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने बुधवार को इस विषय पर एक विस्तृत रिपोर्ट गृहमंत्री अमित शाह को सौंपी. साथ ही उन्हें दिल्ली की मौजूदा स्थिति से भी अवगत कराया. दिल्ली पुलिस अधिकारियों की एक टीम, जिसमें विशेष पुलिस आयुक्त प्रवीर रंजन और दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मनदीप सिंह रंधावा शामिल थे, ने गृहमंत्री को यह रिपोर्ट सौंपी.
साथ ही 1984 में हुए दंगों के बाद से अबतक के सबसे बुरी हिंसा के बाद देश की राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में ब्रीफ भी किया. संसद में बहस से पहले टीम ने संसद में गृहमंत्री के चैंबर में उन्हें यह रिपोर्ट सौंपी.

