रांची: पांचवें झारखंड विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो गया. तीन दिवसीय सत्र के पहले दिन 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 78 विधायकों ने शपथ ली. प्रोटेम स्पीकर प्रोफेसर स्टीफन मरांडी ने सबसे पहले सदन के नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बरहेट विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ दिलाई.
इसके बाद मंत्री आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता को शपथ दिलाई गई. सत्र के पहले दिन 78 सदस्यों ने शपथ ली जबकि बहरागोड़ा से निर्वाचित झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक समीर मोहंती आज शपथ नहीं ले सके. वहीं बरहेट के साथ दुमका विधानसभा सीट से निर्वाचित हेमंत सोरेन ने बरहेट सीट के लिए शपथ लेकर यह साफ कर दिया कि वह दुमका सीट छोड़ेंगे और दुमका सीट के लिए उपचुनाव तय है.
नवनिर्वाचित विधायकों ने हिंदी संस्कृत के अलावा उर्दू, मैथिली, अंगिका, खोरठा, हो और संथाली भाषा समेत अपनी मातृभाषा में विधानसभा की सदस्यता ली.
इससे पहले सभा की कार्यवाही शुरू होने पर प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण से पहले वे यह अपील करते हैं कि अमर शहीदों के सपनों के अनुरूप झारखंड को गढ़ने का काम करें और इसे आगे बढ़ाने में अपनी सार्थक भूमिका का निर्वहन करें. उन्होंने राज्यपाल के संदेश और विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के संदेश को पढ़कर सुनाया.

