रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजिज 7वीं राष्ट्रीय और तीसरी अंतरराष्ट्रीय पैदल चाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन हरियाणा के अमित ने बीस वर्ष से कम बालक वर्ग के स्पर्धा में दस किलोमीटर पैदल चाल में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया. प्रतियोगिता के अंतिम दिन आज 50 और 10 किलो मीटर रेस हुई. समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में आलमगीर आलम और अमिताभ चैधरी मौजूद थे.
U 20 बालिका वर्ग में भोपाल की मुनिता ने 50 मिनट 17 सेकंड में चाल पूरी कर स्वर्ण पदक जीता. इस जीत के साथ ही मुनिता ने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है. इससे पहले शनिवार को भावना जाट ने 20 किलोमीटर महिला पैदल चाल में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ ओलंपिक कोटा हासिल किया था.
50 किलोमीटर में सनाबम सिंह ने जीता गोल्ड
मणिपुर के सनाबम सिंह ने 50 किमी पुरुष वर्ग का स्वर्ण पदक जीता. इसी ग्रुप में रजत पदक पंजाब के गुरप्रीत सिंह और कांस्य पदक उत्तर प्रदेश के अंजनी सिंह ने जीता.
6 भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन
U 20 बालक 10 किलोमीटर पैदल चाल में भारत के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया. कुल 6 एथलीट अमित कुमार, परमजीत बिस्ट, प्रवीन कुमार, विश्वेन्द्र सिंह, संजय कुमार व बजरंग प्रजापति ने U 20 विश्व चैंपियनशिप के 43 मिनट 40 सेकंड के तय मापदंड से बेहतर समय निकाला. सभी ने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है.

