हरियाणा के संदीप और मेरठ की प्रियंका ने ओलंपिक क्वालीफाई किया
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान के ट्रैक पर शनिवार को दो दिवसीय 8वीं नेशनल और चौथी इंटरनेशनल रेस वाकिंग चैंपियनशिप की शुरुआत हुई. इस चैंपियनशिप में कैटी इरफान और भावना जाट जैसे रेस वाकर हिस्सा ले रहे हैं.
प्रतियोगिता के पहले दिन हरियाणा के संदीप कुमार और राहुल ने 20 किलोमीटर वॉक स्पर्धा में ओलंपिक क्वालीफाई किया है. जबकि महिला प्रतिस्पर्धा में 20 किलोमीटर में उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर की प्रियंका कुमारी को ओलंपिक के लिए हरी झंडी मिली है.
सुबह 6ः00 बजे से पहले दिन रेस वाकिंग चैंपियनशिप की शुरुआत विधायक मथुरा प्रसाद महतो, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के मधुकांत पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया.
देश के विभिन्न राज्यों के रेस वाकर इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने पहुंचे हैं, हालांकि कोविड-19 के कारण विदेशी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेने नहीं पहुंचे हैं. जबकि पिछले साल कई विदेशी खिलाड़ी रांची के मोरहाबादी मैदान का शोभा बढ़ाया था.
दो दिवसीय टूर्नामेंट के जरिए खिलाड़ी ओलंपिक क्वालीफाई करेंगे. साथ ही वर्ल्ड कप 2022 का टिकट भी इस चैंपियनशिप के जरिए हासिल किया जा सकता है. देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.

