-
श्रममंत्री ने कंट्रोम रूम का किया निरीक्षण, लोगों को मदद का दिलाया भरोसा
रांची: झारखंड के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता सोमवार को राजधानी रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में विभाग की ओर से बनाये गये कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुंचे.
इस दौरान कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर पर फोन आने कई लोगों से खुद उन्होंने बात की और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने बताया कि श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा बनाये गये कंट्रोल रूम में अब तक 33 हजार से अधिक फोन आ चुके हैं.
उन्होंने बताया कि झारखंड के बाहर रहने वाले 9.32 लाख प्रवासी श्रमिक और छात्र-छात्राएं दूसरे राज्यों में फंसे है. उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने के बाद इन सभी के वापस लौटने पर क्वारंटन सेंटर में रखने को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू की जा रही है.
इन सभी को प्रखंडों और पंचायतों में स्थित सामुदायिक केंद्र, स्टेडियम, पुलिस थाना मैदान और अन्य सरकारी भवनों में ठहराया जाएगा, जहां उनके लिए खाने-पीने की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी.

