केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमें ऊर्जा, संचार, यातायात और पानी से संबंधित व्यवस्थाओं पर ध्यान देना होगा. आने वाले 5 साल में छत्तीसगढ़ में ऐसी रोड बनवा देंगे, जो अमेरिका के बराबर होंगी. उक्त बातें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कही. गडकरी ने सडकों के महत्व को बताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति केनेडी की बातों को दुहराते हुए कहा कि अमेरिका धनवान है, इस वजह से वहां की रोड अच्छी नहीं है, बल्कि रोड अच्छी होने की वजह से अमेरिका धनवान है. गडकरी 9240 करोड़ के 1017 किलोमीटर की 33 रोड परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आए थे. केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सहित प्रदेश के मंत्री व विधायक कार्यक्रम में उपस्थित रहे.
सीएम भूपेश बघेल से आग्रह किया कि जमीन और फॉरेस्ट क्लीयरेंस के मामलों को आप जितनी जल्दी आगे बढ़ाएंगे, मैं वादा करता हूं कि साल 2024 तक छत्तीसगढ़ को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की तरफ एक लाख करोड़ की सड़कें बनाकर दी जाएंगी. . केंद्रीय मंत्री नितिन गड़कारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत खनिज संपत्ति है. अगर उसका वैल्यू एडिशन सही तरीके से होगा तो उस राज्य का विकास होता है. उद्योग और कृषि के विकास से ही रोजगार बढ़ेगा और गरीबी दूर होगी, जिससे प्रदेश का विकास होगा. हम छत्तीसगढ़ की सड़कों को अमेरिका की तरह बनाएंगे. गांवों को जोड़ना बेहद ज़रूरी है. साढ़े 6 लाख गांव में से साढ़े 3 लाख गांवों को जोड़ने का काम मैंने किया है. 16 हजार करोड़ का रायपुर से विशाखापटनम मार्ग बनाया जा रहा है. यह छत्तीसगढ़ के लिए विकास का पथ बनेगा. दूसरा रायपुर से धनबाद तक सड़क हम बना रहे हैं.

