संजीत कुमार,
देवघर: सोमवार रात्रि करीब 8:10 बजे नगर थाना क्षेत्र के हरि शरणम कुटिया कालीराखा निवासी अनिल कुमार सिंह की पत्नी अरुणा देवी व पुत्र अमित कुमार सिंह की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर देने के मामले में बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार तीन आरोपियों कुंडा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी दुलमपुर निवासी अंकित कुमार गुप्ता, रवि कौशिक व शिवपुरी बिलासी निवासी अभिषेक मिश्रा उर्फ गोटू मिश्रा को जेल भेज दिया है. पुलिस द्वारा उपरोक्त सभी आरोपियों का मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
पुलिस ने पूरे मामले का उद्भेदन कर लेने का भी दावा किया है. गिरफ्तार आरोपियों द्वारा पुलिस को दिए स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार अमित कुमार सिंह की हत्या की साजिश जेल में ही रची गई थी. हत्या के आरोप में जेल में बंद एक आरोपी आदर्श झा उर्फ चैम्प से जेल में ही अमित की लड़ाई हुई थी और दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी थी. उस वक्त मामले में गिरफ्तार आरोपी अभिषेक मिश्रा उर्फ गोटू मिश्रा भी रंगदारी के एक मामले में जेल में बंद था और वह आदर्श झा का दोस्त है.

26 अक्टूबर को अभिषेक बेल पर जेल से बाहर निकला. उस समय आदर्श झा उर्फ चैंप ने उससे कहा था कि तुम हमसे पहले जेल से निकाल रहे हो. जेल से बाहर निकलने के बाद अमित सिंह को टपका देना. वह ज्यादा रंगदारी करता है. जिसको लेकर उसने ग्रुप के बॉस कई हत्याकांड, रंगदारी सहित अन्य संगीन मामलों में संलिप्त एक चर्चित आरोपी जिसको हाल ही में एसपी ने जिला बदर करने के लिए डीसी के पास प्रस्ताव भेजा है. उसके द्वारा घटना को अंजाम देने का सिग्नल मिल जाने की बात भी कही गई.
उसके बाद अभिषेक मिश्रा उर्फ गोटू ने प्रशांत द्वारी, अभिषेक पांडेय, रवि कौशिक, विवेक मंडल व जय गिरी उर्फ जय भारद्वाज से संपर्क किया, तो रवि कौशिक ने उसे बताया कि अंकित नामक युवक अमित का अच्छा दोस्त है. उसके माध्यम से ही उसके घर जाएंगे और घटना को अंजाम देंगे. जिसके बाद सभी लोग मिलकर इस योजना पर काम करने लगे.

उसी दौरान 17 फरवरी को घटना को अंजाम देने के लिए पहले कुंडा थाना क्षेत्र निवासी एक नाबालिग आरोपी को अमित के घर भेजा. अमित के घर जाने के बाद उसे जानकारी मिली कि अमित घर में मौजूद नहीं है. तो उसने अन्य साथियों को बताया कि अमित घर पर नहीं है. उसके बाद आरोपी ने अमित के पिता के फोन से अमित से बात की और उसे घर आने को कहा. कुछ देर बाद अमित कुमार सिंह मोटरसाइकिल से अपने घर पहुंचा. तब तक उसके पिता व बड़े भाई ड्यूटी के लिए घर से निकल चुके थे.
उसके बाद अभिषेक मिश्रा उर्फ गोटू, प्रशांत द्वारी, रवि कौशिक, विवेक मंडल, जय गिरी उर्फ जय भारद्वाज, उक्त नाबालिग युवक सभी अंकित गुप्ता के साथ उसके घर पहुंचे. इस दौरान अंकित अमित से बातचीत करने लगा तो अमित उसके साथ गाली-गलौज करने लगा. जिस पर प्रशांत ने अपने कमर से पिस्टल निकालकर अमित के सीने में गोली मार दी. तब तक अमित की मां भी वहां पहुंचकर हल्ला करने लगी तो विवेक मंडल ने भी पिस्टल से उन्हें गोली मार दी. उसके बाद आरोपियों ने अंकित कुमार गुप्ता को अमित को संभालने की बात कहकर सभी इधर उधर भाग निकले.
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

