रांची: रांची विश्वविद्यालय सहायक प्राध्यापक अनुबंध संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम से उनके धुर्वा स्थित आवासीय कार्यालय में मिला. संघ के अध्यक्ष डॉ राकेश किरण के नेतृत्व में मंत्री से मिला. संघ के पदाधिकारियों ने मंत्री से विश्वविद्यालय व कॉलेजों में नियुक्त घंटी आधारित अनुबंध सहायक प्राध्यापकों को प्रत्येक माह एक निश्चित मासिक मानदेय देने की मांग की.
मंत्री ने समाधान का दिया आश्वासन:
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं हो पा रहा है इससे भी शिक्षकों को काफी परेशानी हो रही है. प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की सारी बातें सुनने के बाद मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि वह जल्द ही इस मामले पर मुख्यमंत्री से मिलेंगे एवं इस समस्या का समाधान करवाने की पूरी कोशिश करेंगे.
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से महासचिव किशोर सुरीन, बीरेंद्र उरांव, रवि मेहता, राजीव नारायण प्रसाद, हेमंत कुमार शामिल थे.

