दो घंटे तक हावड़ा-मुंबई-दिल्ली मुख्य लाइन बाधित
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया रेलवे स्टेशन के निकट सुनसुनिया जंगल के बीच रेलवे फाटक पर 25 जंगली हाथियों के झुंड ने कब्जा कर लिया, जिसके कारण करीब दो घंटे तक हावड़ा मुंबई और हावड़ा-नई दिल्ली लाइन बाधित रही. इस दौरान रेलकर्मी हाथियों को रेल पटरी से हटाने का प्रयास करते रहे, लेकिन बाद में जंगली हाथी खुद ही फाटक से दूर आबादी वाले गांव की ओर से चले गये. इस दौरान करीब दो घंटे तक हावड़ा-मुंबई और हावड़ा-नई दिल्ली लाइन बाधित रहा.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सुनसुनिया जंगल से निकलकर 25 जंगली हाथियों का झुंड पहले तो रेलवे ट्रैक पर टहलने लगा और उसके बाद सभी जंगली हाथी रेलवे फाटक पर आकर जम गये. इस दौरान रेल कर्मचारियों द्वारा जंगली हाथियों को भगाने का प्रयास किया गया, लेकिन गजराज ने किसी की एक न सुनी, बाद में वन विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गयी, लेकिन जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचती, मस्त मौला हाथियों का दल धीरे-धीरे रेलवे ट्रैक को छोड़कर गांव की तरफ रूख कर लिया. वहीं आबादी वाले क्षेत्र में जंगली हाथियों के आ जाने से ग्रामीण गांव छोड़ कर सुरक्षित स्थान पर चले गये. वहीं वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को जंगल में खदेड़ने के लिए प्रयासरत हैं.
कोल्हान के क्षेत्र में बड़ी संख्या में जंगली हाथियों का निवास है और इस इलाका हाथियों के लिए कॉरिडोर माना जाता है, जहां से जंगली हाथी पश्चिम बंगाल, ओड़िसा और झारखंड के इलाके में घूमते रहते हैं. लेकिन हाल के कुछ वर्षां में ऐलिफैण्ट कॉरिडोर के बीच रास्ते में कुछ स्थानों पर कच्चे और पक्के मकान बन जाने से तथा भोजन-पानी की कमी हो जाने के कारण जंगली हाथियों और मानव के बीच परस्पर संघर्ष की कई घटनाएं सामने आती रही हैं. वहीं कई बार जंगली हाथियों के रेल पटरी पार करने के क्रम में मालगाड़ी चपेट में आने से मौत की खबर भी मिलती हैं.

