नई दिल्ली: फिल्मों में विलेन का किरदार निभाने वाले अभिनेता सोनू सूद रियल लाइफ में हीरो निकले. लॉकडाउन के दौरान
सोनू सूद के काम की काफी तारीफ हो रही है. सोनू सूद मुंबई सहित आसपास के इलाकों में फंसे मजदूरों, कामगारों और छात्रों को उनके घर पहुंचाने का काम कर रहे हैं. इस बीच महाराष्ट्र की सत्ताधारी पार्टी शिवसेना के नेता संजय राउत ने सोनू सूद पर सवाल उठाए हैं और कहा कि बहुत चालाकी से वो ‘महात्मा’ सूद बनने की ओर हैं.
रविवार को शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में संजय राउत ने पूछा कि ‘आखिर जब लॉकडाउन में लोगों को कहीं आने-जाने की अनुमति नहीं है तो बिना किसी राजनीतिक दल के मदद के उन्हें बसें कैसे मिल जा रही हैं?’ राउत लिखते हैं कि लॉकडाउन में अचानक एक नया ‘महात्मा’ सूद आया है.
राउत ने आगे लिखा कि ‘जब राज्य सरकारें किसी प्रवासी मजदूर को कहीं जाने की अनुमति नहीं दे रही हैं तो वो कहां जा रहे हैं?’ सोनू सूद पर हमला करते हुए राउत ने यहां तक कहा कि बहुत जल्दी ही वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल सकते हैं और मुंबई के सेलिब्रिटी मैनेजर बन सकते हैं
संजय राउत यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि ‘सोनू सूद एक अभिनेता हैं, वो पैसे के लिए कुछ भी कर सकते हैं. अभिनय करना ही उनका पेशा है.’ बता दें कि हाल ही में सोनू सूद ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी. इस दौरान राज्यपाल ने सोनू सूद द्वारा प्रवासी मजदूरों को उनके घर सुरक्षित पहुंचाने के लिए उनकी तारीफ की. साथ ही राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने अभिनेता को मदद देने के लिए हर तरह का सहयोग देने की बात भी कही. राज्यपाल इससे पहले भी सोनू सूद के काम की तारीफ कर चुके हैं.
यही नहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने भी सोनू सूद की सराहना की थी. सोनू सूद ने मुंबई में फंसे उत्तराखंड के कई निवासियों को अपने खर्च पर चार्टर्ड विमान से उत्तराखंड के देहरादून के लिए भेजा था. इस पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोनू सूद को धन्यवाद दिया और उन्हें कोरोना वायरस संकट खत्म होने के बाद पहाड़ी राज्य में आने के लिए भी आमंत्रित किया.

