चतरा के स्कॉर्पियो की एक कंटेनर से सीधी टक्कर में परखच्चे उड़े
चतरा:झारखंड व बिहार के मजदूरों को लेकर यूपी के आगरा जा रही चतरा की एक स्कॉर्पियो के गुरुवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर से हुई सीधी टक्कर के बाद जहां स्कॉर्पियो की पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए. वहीं इस हादसे में चतरा (झारखंड) के एक मजदूर के अलावा बिहार के 8 मजदूर समेत कुल 9 मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि अन्य 4 लोगो के घायल हो जाने की सूचना है. हादसे का शिकार बबलू प्रजापति नामक मजदूर चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित गेरुआ बढ़ही बीघा गांव का रहने वाला था. आगरा जिले के एत्मादपुर मंडी के समीप दिल्ली हाईवे पर हुई दुर्घटना से मौत की खबर के बाद उसके गांव में मातम पसर गया और शिवरात्रि की उत्साह फीकी पड़ गई है.
दूसरी ओर झारखंड सरकार के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता व सांसद सुनील कुमार सिंह ने इस घटना के प्रति अपना शोक जताया है. आज अपने दौरे पर चतरा पहुंचे श्रम मंत्री ने अपने बयान में कहा कि चतरा के मृतक बबलू प्रजापति के शव को उसके घर तक लाने के लिए आगरा जिला प्रशासन से संपर्क स्थापित किया गया है तथा प्रवासी मजदूर योजना के तहत मृतक के आश्रितों को राज्य सरकार द्वारा संपूर्ण लाभ दिया जाएगा, जिसके तहत बतौर आर्थिक सहायता के रूप में उन्होंने एक लाख रुपए देने की घोषणा की.

