चतरा:- चतरा के जंगलों में बेशकीमती लकड़ियों की अवैध कटाई तथा उसकी तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही. वही बेखौफ तस्कर वनों को उजाड़ने के साथ-साथ पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी नासूर बने हुए हैं. दरअसल चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है. वनपाल प्रभात कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बेशकीमती अवैध लकड़ियों से बने पटरा व चौखट लदा मैजिक गाड़ी जप्त किया है. तस्कर मैजिक गाड़ी पर अवैध लकड़ी लादकर बगरा से तस्करी के लिये चतरा की ओर ला रहे थे. गाड़ी को चतरा-बगरा मुख्यपथ एनएच 99 पर स्थित बधार पुल के पास जब्त कर वन परिसर कार्यालय लाया गया. वाहन में करम प्रजाति का 40 पीस पटरा तथा 20 पीस चौखट लदा हुआ था. हालांकि इस दौरान गश्ती दल पर नजर पड़ते ही अंधेरे का लाभ उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे. टीम में शामिल वनरक्षी निशांत कुमार ने बताया कि तस्करी में शामिल तस्करों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

