रांची: रांची जिले के नामकुम थाना अंतर्गत तेतरी टोली स्थित स्वर्णरेखा नदी पार करने के दौरान अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिरने से 18 वर्षीय अंकित कुमार पंडित (पिता-शंकर पंडित)की मौत हो गई है. वह तेतरी श्रीनगर कॉलोनी का रहने वाला था.
जानकारी के अनुसार, अंकित फौज में जाकर देश सेवा करना चाहता था. इसके लिए वो अपने चार- पांच दोस्तों के साथ पिछले15 दिन से स्वर्णरेखा नदी पार कर खेलगांव दौड़ने जाता था. आज सुबह भी साढ़े छह बजे अंकित अपने चार दोस्तों के साथ नदी पार कर खेलगांव जा रहा था.
सभी दोस्त नदी पार कर चुके थे. अंकित सबसे पीछे था. नदी पार करने के लिए अंकित ने छलांग लगाई. इसी दौरान अनियंत्रित होकर चट्टान से टकराकर वह नदी के गहरे पानी में डूब गया. अंकित के दोस्तों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी.
मौके पर जुटे स्थानीय लोग अंकित को निकालने नदी में गए, परंतु पानी में काफी ज्यादा झाग होने के कारण परेशानी हुई. दो घंटे बाद अंकित को निकाला गया. सांस चलने की आशंका पर परिजन पुलिस की सहायता से ईएसआई अस्पताल ले गए. जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे ऑर्किड अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही नामकुम इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे एवं एनडीआरएफ की टीम को मौके पर पहुंचने को कहा. सूचना के दो घंटे बाद भी टीम के नहीं पहुंचने से अंकित के परिजनों एवं स्थानीय लोगों में टीम के प्रति काफी आक्रोश था.

