नई दिल्ली: दिल्ली में ‘लगे रहो केजरीवाल’ गाने की धूम है. आम आदमी पार्टी की जनसभा हो या फिर रैलियां, हर जगह यही गाना सुनाई पड़ता है. इस गाने को गाने वाले और आम आदमी पार्टी से जुड़े सिंगर विशाल ददलानी अब चुनाव प्रचार में उतर आए हैं. मंगलवार को विशाल ददलानी रमेश नगर के रोड शो में शामिल हुए.
उनके साथ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता और स्थानीय प्रत्याशी शिवचरण गोयल भी थे. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग विशाल ददलानी को देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए.
आज तक से बात करते हुए सिंगर विशाल ददलानी ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार को 70 में से 70 सीटें मिल रही हैं, यह उनका खुद का अनुमान है.
ददलानी के मुताबिक केजरीवाल के काम की तुलना देश के किसी भी राज्य से की जा सकती है. विशाल ददलानी कहते हैं कि केजरीवाल के विकास कार्य का मॉडल देश का मॉडल बनना चाहिए.
दिल्ली के शाहीन बाग के मुद्दे पर भी विशाल ददलानी चुप नहीं रहे. आज तक ने विशाल ददलानी से शाहीन बाग पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा कि जो हो रहा है, हम उसके समर्थन में हैं. लेकिन फिलहाल दिल्ली में चुनाव हैं तो ऐसे में कुछ पार्टी जानबूझकर इस मुद्दे को भटका रही हैं, लेकिन चुनाव हमेशा 5 साल के कामकाज पर होने चाहिए.

