रांची: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, एसीबी की टीम ने रांची जिले के कांके अंचल के अमीन विलियम एक्का को 12,000 रुपये रिष्वत लेते आज रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता बालचंद साहू की ओर से एसीबी में शिकायत दर्ज करायी गयी थी कि चुट्टू मौजा में उनका करीब 40 डिसमिल जमीन है, लेकिन किसी कारणवश उनके पिता द्वारा दाखिल खारिज नहीं कराया गया था, जब वे दाखिल खारिज कराने के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे, तो कर्मचारी शशिकांत कुमार द्वारा अंचल अमीन विलियम एक्का को जमीन का सत्यापन और जांच कर मापी रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया था. लेकिन जब शिकायतकर्ता ने विलियम एक्का से मुलाकात कर जमीन मापी का आग्रह किया, तो उन्होंने कहा कि पहले 20,000 रुपया जमा कराना होगा, उसके बाद ही वे जमीन मापी कर रिपोर्ट सौपेंगे.
20,000 रुपया देने में असमर्थता जताने पर विलयम एक्का 12,000 रुपये पर तैयार हुआ और यह भरोसा दिलाया कि पहले रुपया पहुंचा दे, दूसरे दिन वह जमीन मापी कर रिपोर्ट दे देंगे. इस शिकायत का सत्यापन के बाद आरोप सही पाया गया जिसके बाद मामला दर्ज कर एसीबी की टीम ने आज कांके अंचल कार्यालय के अमीन विलियम एक्का को 12,000 रुपया रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.

