शिवपुरी: कलेक्टर अनुग्रहा पी ने सभी अनुविभागों के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आधार सीडिंग के काम में लापरवाही ना बरतें और काम में तेजी लाएं, नहीं तो कार्यवाही की जाएगी.
इस सोमवार को आयोजित अंतर विभागीय समन्वय बैठक में उन्होंने समीक्षा करते हुए निर्देश दिए हैं कि पात्र अपात्र परिवारों का सत्यापन कर सूची पीडीएस दुकानों पर चस्पा करें और अन्य माध्यम से भी प्रचार प्रसार कराएं ताकि लोगों तक जानकारी पहुंचे. संबंधित एसडीएम इसकी मॉनिटरिंग करें. साथ ही बैठक में न्यायालय के अवमानना प्रकरण, टीएल पत्रको की भी समीक्षा की गई.
उल्लेखनीय है कि बीपीएल सूची में दर्ज पात्रता पर्चीधारी परिवारों में से पात्र-अपात्र परिवारों का सत्यापन किया जाना है. इसके लिए एम राशन मित्र ऐप के माध्यम से सर्वे भी शुरू किया गया था.
अभी अपात्र परिवारों की सूची पीडीएस दुकानों पर चस्पा की गई है, जहां हितग्राही अपना नाम देख सकते हैं और यदि किसी प्रकार का दावा-आपत्ति दर्ज कराना चाहते हैं, तो ग्रामीण क्षेत्र में तहसीलदार एवं नगरीय क्षेत्र के लिए एसडीएम के पास दर्ज करा सकते हैं.
लोगों की जानकारी के लिए कराएं प्रचार प्रसार
बैठक में कलेक्टर अनुग्रहा पी ने सभी एसडीएम एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपात्र परिवारों की सूची को लोगों की जानकारी के लिए विभिन्न माध्यमों से भी प्रचार प्रसार कराएं. इसमें कोटवार, जीआरएस, सचिव के माध्यम से सूची का वाचन कराएं.

