रांची: कोरोना संकट के इस दौर में देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत की है. आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों के लिए 20लाख करोड़ रुपये के पैकेज की गयी है. केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का फायदा उठाकर रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के प्रमोद साहू भी न सिर्फ खुद आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने है, बल्कि आसपास के कई लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं.
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के किसान प्रमोद साहू ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ हासिल कर अपनी जमीन पर धान के अलावा कई सब्जियां उगाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने में कामयाबी हासिल की.
जैविक खेती के माध्यम से अदरक, लहसुन, हल्दी, फ्रेंचबीन और केला की खेती करने वाले किसान प्रमोद का कहना है कि वे कृषि कार्य में रासायनिक खाद का इस्तेमाल नहीं करते है और ये सब्जियां सेहत के लिए काफी मुफीद है.
खेती के माध्यम से आत्मनिर्भरता हासिल करने वाले प्रमोद का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से प्रभावित होकर उन्होंने न सिर्फ घर-परिवार के लिए, बल्कि बाजार के लिए भी सब्जियां उपजायी है.
आत्मनिर्भरत भारत अभियान के तहत देशभर के किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करायी जा रही है और उनके लिए ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है, जिसका लाभ उठाकर किसान न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर हो रहे है, बल्कि देश को भी कृषि उपज के मामले में आत्मनिर्भर बनाने में लगे है.

