हजारीबाग सदर एसडीओ मेघा भारद्वाज के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने शनिवार को शहर के प्रमुख तालाब के परिसर के आस पास अवैध निर्माण का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में हुरहुरू के लम्बा तालाब एवं धोबिया तालाब के चैहद्दी में कुछ फ्लैट का निर्माण तालाबों के निर्धारित जमीनों पर की जा रही है। साथ ही मैप के द्वारा जांच के दौरान यह पाया गया कि अधिकांश स्थानीय लोगों ने तालाब परिसर के चारो तरफ अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे हैं। साथ ही घरों से दूषित पानी की निकासी भी तालाबों में की जा रही है, जिससे तालाब का पानी दुषित होने के साथ-साथ कई बिमारियों की जड़ भी है।

मौके पर सदर एसडीओ ने कहा कि तालाबों के अनावश्यक अतिक्रमण करने से तालाब का आकार छोटा होते होते मृतप्राय होते जा रहे हैं, जिससे जल संचयन की बड़ी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे भूमिगत जलस्तर में कमी होने की संभावना बनी रहती है और आने वाले दिनों में शहरवासियों को भीषण जलसंकट से गुजरना पड़ सकता है।
उन्होंने ऐसे कामों में लिप्त लोगों पर तत्काल आर्थिक दंड लगाते हुए संबंधित पदाधिकारियों की अवैध निर्माण की जांच तथा सफाई की रिपोर्ट देने का निदेश दिया। वहीं कृष्णापुरी तालाब के निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब से जलकुभी हटाने सहित परिसर की साफ-सफाई का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य तालाबों की साफ-सफाई, अवैध निर्माण तथा जमाबंदी की जांच शीघ्र की जाएगी।
इसी क्रम में आस पास के दुकानों की जांच के दौरान कई दुकानदार प्लास्टिक के उपयोग करते हुए पकड़े गये। मौके पर इन दुकानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक थैली को जब्त करते हुए आर्थिक दंड भी लगाया गया।

