बोकारो : उपायुक्त बोकारो राजेश सिंह के द्वारा कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण से बोकारो वासियों के बचाव के लिए सोमवार को सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने तथा मास्क पहनने को लेकर दूसरे दिन विशेष अभियान चलाया गया. बोकारो स्टील सिटी क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व अपर समाहर्ता विजय कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक नगर ज्ञानरंजन के द्वारा किया गया. वहीं चास निगम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से चलाए जा रहे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी चास शशि प्रकाश सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक चास भगवान दास के नेतृत्व में किया गया.
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी चास श्री शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि बोकारो स्टील सिटी तथा चास में लोगों की बेवजह घरों से बाहर निकलने तथा लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के कारण हाल के दिनों में बोकारो जिला में संक्रमित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है इसी को ध्यान में रखकर उपायुक्त महोदय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों के साथ अब जिला प्रशासन सख्ती से कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है, जो भी लोग सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते हुए पाए जाएंगे उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बार-बार चेतावनी के बाद लोगों पर इसका प्रतिकूल असर नहीं दिख रहा है इस वजह से अधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके विरुद्ध क़ानूनी कार्रवाई करें। उन्होंने बताया कि मास्क पहनने को लेकर चास तथा बोकारो के शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोग अनिवार्य रूप से मास्क पहने। मास्क नहीं पहनने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा अब चालान काटा जा रहा है, अभियान के 2 दिन के दौरान कई लोगों के चालान काटे गए हैं तथा आगे भी इस तरह की कार्रवाई मास्क पहनने को लेकर लगातार की जाएगी।
चास के निगम तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यपालक दंडाधिकारी प्रभाष कुमार दत्ता ने हाट, बाजार तथा दुकानों में जाकर अभियान के दौरान लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की.
बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-01 तथा सेक्टर-02 में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार गर्ग, बारी कोऑपरेटिव कॉलोनी, कोऑपरेटिव कॉलोनी, दून्दी बाजार एवं सेक्टर 12 के भीड़भाड़ वाले इलाके में जिला योजना पदाधिकारी देवेश गौतम, सेक्टर 3, 5 एवं 6 क्षेत्र में परियोजना पदाधिकारी रुपेश तिवारी, सेक्टर 8, 9 तथा 11 क्षेत्र में जिला भू अर्जन पदाधिकारी जेम्स सुरीन के द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क को लेकर अभियान चलाया गया.

